महराजगंज पुलिस का नया कदम: हर थाने में बनेगी ‘कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट’, सप्ताह में 3 दिन चलेंगे जनसंपर्क अभियान

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज। जनपद में पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा सामुदायिक भागीदारी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से महराजगंज पुलिस ने प्रत्येक थाने में कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट (CPU) के गठन के निर्देश जारी किए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह पहल पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक, गोरखपुर परिक्षेत्र के निर्देशों के अनुपालन में शुरू की गई है। इसके तहत जिले के सभी थानों में एक कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट गठित की जाएगी, जो समाज से जुड़ी गतिविधियों और जनजागरूकता कार्यक्रमों का संचालन करेगी।

निर्देशों के मुताबिक प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को कम से कम एक सामुदायिक पुलिसिंग गतिविधि आयोजित की जाएगी। कार्यक्रमों में जनसंवाद, महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति, साइबर अपराध जागरूकता, नशा मुक्ति, यातायात जागरूकता, छात्र-छात्राओं से संवाद सहित स्थानीय जरूरतों के अनुरूप अन्य गतिविधियां शामिल की जा सकती हैं।

इन सभी गतिविधियों का दिनांकवार विवरण निर्धारित प्रारूप में थाने के रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक क्षेत्राधिकारी कार्यालय से एक कर्मचारी नामित किया जाएगा, जो अपने सर्किल के सभी थानों की रिपोर्ट संकलित कर हर शनिवार शाम 5 बजे तक ई-मेल के माध्यम से अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भेजेगा।

इसी क्रम में निचलौल सर्किल में क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में शीतलापुर चौकी प्रभारी सूरज तिवारी, कांस्टेबल संतोष गोंड, कांस्टेबल संदीप शर्मा तथा मिशन शक्ति टीम को कम्यूनिटी पुलिसिंग अभियान में जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ेगा, स्थानीय समस्याओं का समयबद्ध समाधान होगा तथा अपराध नियंत्रण में भी सामुदायिक सहयोग को नई मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *