भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 18 बोरी अवैध कद्दू बीज जब्त

सीमा स्तंभ 502 के पास तस्कर बोरे छोड़कर नेपाल भागे, 720 किलो बीज कस्टम को सौंपा गया

मनोज कुमार त्रिपाठी 

भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (SSB) 22वीं वाहिनी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 बोरी अवैध कद्दू बीज (तृतीय देश) जब्त किया है। यह कार्रवाई महाराजगंज जनपद के एफ समवाय झूलनीपुर अंतर्गत सीमा चौकी शीतलापुर क्षेत्र में 18 मई 2026 को रात करीब 2:10 बजे सीमा स्तंभ संख्या 502 के पास की गई। बरामद कद्दू बीज कुल 720 किलोग्राम बताया गया है, जिसे नियमानुसार सीमा शुल्क कार्यालय निचलौल को सुपुर्द कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, SSB को सूचना शाखा के माध्यम से इनपुट मिला था कि कुछ तस्कर नेपाल से भारत में अवैध सामान लाने की फिराक में हैं। सूचना पर सीमा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक (सा.) धनवीर सिंह रावत के नेतृत्व में विशेष नाका दल गठित किया गया। टीम ने सीमा स्तंभ 502-503 के बीच 20 कड़िया ओपी पोस्ट के नजदीक भारत की ओर करीब 20 मीटर अंदर केला बागान के पास संदिग्धों को बोरे लेकर आते देखा। जैसे ही तस्करों को नाका पार्टी का आभास हुआ, वे बोरे वहीं फेंककर भाग निकले और सीमा नजदीक होने के कारण नेपाल क्षेत्र में प्रवेश कर गए, जिससे गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

SSB टीम द्वारा मौके पर तलाशी लेने पर कुल 18 बोरी कद्दू बीज बरामद हुआ, प्रत्येक बोरी में 40 किलोग्राम बीज था। सूत्रों के अनुसार यह कद्दू बीज सूडान से नेपाल आता है और फिर तस्करी के जरिए भारत लाकर विभिन्न शहरों में भेजा जाता है। बताया जा रहा है कि नेपाल में इसे 200 रुपये में खरीदकर भारत में 300 रुपये तक बेचकर अवैध मुनाफा कमाया जाता है। SSB ने जब्ती सूची तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग को सामग्री सौंप दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *