मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज, 18 मई 2026। वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए देश में सोने के आयात को कम करने तथा गोल्ड बार व बुलियन की बिक्री सीधे ग्राहकों को न किए जाने संबंधी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अपील के क्रम में, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित बुद्धा सभागार में सर्राफा व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी श्री महेंद्र कुमार सिंह ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए सीडीओ श्री महेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह अपील देश की आर्थिक मजबूती एवं संभावित वैश्विक आर्थिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक स्वैच्छिक पहल है, जिसका उद्देश्य देशहित में सोने के आयात पर निर्भरता को कम करना तथा आर्थिक संतुलन बनाए रखना है। उन्होंने व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील की कि वे जागरूकता बढ़ाने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि बदलती परिस्थितियों के दुष्प्रभावों को कम किया जा सके।

सीडीओ ने यह भी स्पष्ट किया कि आभूषणों की बिक्री पूर्ववत जारी रहेगी, क्योंकि इससे लाखों लोगों की आजीविका जुड़ी है। सरकार का उद्देश्य व्यापार को प्रभावित करना नहीं, बल्कि अनावश्यक आयात पर नियंत्रण स्थापित करना है।
बैठक में उपायुक्त राज्य कर श्री मनोज विश्वकर्मा ने कहा कि घरों में पड़े पुराने एवं अनुपयोगी सोने को नए आभूषणों के रूप में पुनः तैयार कराया जा सकता है। इससे आयातित सोने पर निर्भरता कम होगी और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने व्यापारियों से इस दिशा में जनजागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया।
बैठक में सर्राफा व्यापारियों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा पुराने स्वर्ण के पुनः उपयोग, रिडिजाइन और पुनर्निर्माण को बढ़ावा देने पर सहमति जताई।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, राज्य कर विभाग के उपायुक्त श्री मनोज विश्वकर्मा, श्री चन्द्रशेखर वर्मा, सहायक आयुक्त प्रियंका श्रीवास्तव, राज्य कर अधिकारी पूजा पाल, भानु प्रताप सिंह, प्रवेश कुमार सहित सर्राफा व्यापारी श्री राजेन्द्र वर्मा, हरिशंकर वर्मा, बैष्णो कुमार सोनी सहित अन्य पदाधिकारी
मौजूद रहे।