नेपाली रैथाने स्वाद से लेकर अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों तक का मिलेगा अनोखा संगम
मनोज कुमार त्रिपाठी
भैरहवा। नेपाली पारंपरिक (रैथाने) स्वाद और अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों को एक ही मंच पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से भैरहवा में आगामी जेठ 9 और 10 को ‘सिद्धार्थ फूड एंड फन’ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव सिद्धार्थ हॉस्पिटैलिटी ग्रुप के आयोजन में होटल सिद्धार्थ विलासा में आयोजित होगा।

आयोजकों के अनुसार इस महोत्सव में नेपाल के विभिन्न समुदायों और क्षेत्रों के मौलिक व्यंजनों की प्रदर्शनी और स्वाद की विशेष व्यवस्था रहेगी।
सिद्धार्थ बिजनेस ग्रुप ऑफ हॉस्पिटैलिटी के प्रमुख कार्यकारी अधिकारी कृष्ण न्यौपाने ने बताया कि महोत्सव में नेवारी, हिमाली, थारू, मध्यपश्चिम और पूर्वी क्षेत्र के पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ कॉन्टिनेंटल, भारतीय, चीनी, अरेबिक और मेडिटेरियन फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
महोत्सव के माध्यम से नेपाली रैथाने खानपान को बढ़ावा देने तथा विभिन्न समुदायों के पारंपरिक स्वाद को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य रखा गया है। ग्रुप के अंतर्गत देश के अलग-अलग शहरों में संचालित आउटलेट्स में कार्यरत शेफ अपने-अपने क्षेत्र के विशेष व्यंजन तैयार करेंगे।
कार्यक्रम में फूड ईटिंग प्रतियोगिता, घरेलू खाना पकाने की प्रतियोगिता, बच्चों के लिए खेलकूद और अन्य मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। खाना पकाने की प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी सिद्धार्थ हॉस्पिटैलिटी ग्रुप से संपर्क कर नामांकन करा सकते हैं।
महोत्सव के पहले दिन विभिन्न कलाकारों द्वारा सांगीतिक प्रस्तुति दी जाएगी, जबकि दोनों दिन लुंबिनी क्षेत्र के स्थानीय कलाकारों द्वारा लोक-सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
सिद्धार्थ बिजनेस ग्रुप ऑफ हॉस्पिटैलिटी के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक महेन्द्र न्यौपाने के अनुसार यह महोत्सव प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। इस दौरान आगंतुक अपनी पसंद के विभिन्न व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे।
ग्रुप ने जानकारी दी कि वह वर्तमान में देशभर में अपने और मैनेजमेंट मॉडल के तहत कुल 30 आउटलेट संचालित कर रहा है तथा लगभग 2,500 लोगों को रोजगार उपलब्ध करा रहा है।