मंदिर विवाद थमा नहीं, अब नाला निर्माण पर उठे सवाल; ग्रामीणों ने जारी किए नए वीडियो

सोनौली में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, जांच और कार्रवाई की मांग

गांधीनगर वार्ड में मानकविहीन निर्माण का आरोप, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग की

उमेश चन्द्र त्रिपाठी / मनोज कुमार त्रिपाठी

सोनौली/महराजगंज।

नगर पंचायत सोनौली एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गई है। कोटई माता मंदिर निर्माण को लेकर उठे सवालों के बाद अब वार्ड नंबर-6 गांधीनगर में चल रहे नाला निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय नागरिकों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका पैदा हो गई है।

स्थानीय लोगों द्वारा जारी वीडियो और तस्वीरों के आधार पर आरोप लगाया गया है कि नाला निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं और कार्य में पारदर्शिता का अभाव दिखाई दे रहा है।

कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि नगर पंचायत अध्यक्ष हबीब खान के रिश्तेदार कमरुद्दीन उर्फ मंडुले खान, ठेकेदार राहुल यादव, हरिनंदन उपाध्याय तथा नगर पंचायत से जुड़े अधिकारी संजय श्रीवास्तव सहित कुछ अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जानी चाहिए। आरोप लगाने वालों का कहना है कि यदि समय रहते मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो विकास कार्यों की गुणवत्ता पर लगातार सवाल उठते रहेंगे।

ग्रामीणों का कहना है कि नगर पंचायत क्षेत्र में पहले भी निर्माण कार्यों को लेकर विवाद सामने आ चुके हैं। ऐसे में लगातार उठ रहे आरोपों ने स्थानीय जनता के बीच नाराजगी बढ़ा दी है। लोगों ने जिलाधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से पूरे मामले की तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सरकार विकास योजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन यदि धरातल पर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं हुई तो योजनाओं का उद्देश्य प्रभावित हो सकता है। उन्होंने शासन और प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए पारदर्शी जांच कराने की अपील की है।

हालांकि, समाचार लिखे जाने तक हबीब खान, कमरुद्दीन उर्फ मंडुले खान, राहुल यादव, हरिनंदन उपाध्याय, संजय श्रीवास्तव अथवा नगर पंचायत प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है। संबंधित पक्ष का बयान प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *