नेपाल से भारत आ रही थी वैन
कागजात नहीं दिखा सका चालक
कस्टम विभाग कर रहा है जांच
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
बिहार किशनगंज! नेपाल सीमा के रास्ते बिहार में खपाने के लिए लाई जा रही चाइनीज सेब की बड़ी खेप को टेढ़ागाछ थाना पुलिस ने जब्त किया है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 80 कार्टून चाइनीज सेब बरामद किए। बरामद सेब का कुल वजन 1600 किलोग्राम (16 क्विंटल) बताया गया है। मामले में वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि पूरे प्रकरण की जानकारी कस्टम विभाग को भी दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार किशनगंज के पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को सूचना मिली थी कि नेपाल सीमा से चाइनीज सेब की बड़ी खेप अवैध रूप से बिहार लाई जा रही है। सूचना मिलते ही टेढ़ागाछ थाना पुलिस को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
निर्देश के बाद पुलिस टीम ने सीमा क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। नेपाल बॉर्डर से सटे इलाकों में आने-जाने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी गई। इसी दौरान खनियाबाद की ओर से आ रहे एक पिकअप वाहन को टेढ़ागाछ बाजार के समीप रोककर उसकी तलाशी ली गई।
वाहन की जांच के दौरान उसमें रखे 80 कार्टून सेब बरामद हुए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक कार्टन में लगभग 20 किलोग्राम सेब भरा हुआ था। इस तरह कुल 1600 किलोग्राम सेब जब्त किया गया।