अवैध रूप से नेपाल में घुसपैठ कर अमेरिका जाने के फिराक में था
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! पुलिस अधीक्षक महाराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता के क्रम में आज दिनांक 30 मई 2026 को थाना फरेंदा पुलिस ने चेकिंग के दौरान छतरी पुल के पास से एक विदेशी नागरिक को अवैध रूप से सीमा पार करने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान फेलन ट्रैविस एंथनी निवासी मिसौरी, संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के रूप में हुई है। उक्त विदेशी नागरिक के विरूद्ध थाना स्थानीय पर मु0अ0सं0 144/2026 धारा 23 आव्रजन और विदेशी अधिनियम 2025 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है ।
प्राप्त समाचार के अनुसार आज थाना फरेंदा क्षेत्रांतर्गत छतरी पुल के पास पुलिस टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान इस संदिग्ध विदेशी नागरिक को रोककर जब पूछताछ की गई, तो उसके पास मौजूद वीजा नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया। उक्त विदेशी नागरिक के खिलाफ थाना स्थानीय पर धारा 23 आव्रजन (Immigration) व विदेशी अधिनियम (Foreigners Act) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अमेरिकी नागरिक Phelan Travis Anthony निवासी Missouri USA,संयुक्त राज्य अमेरिका से जब पुलिस टीम द्वारा विस्तृत पूछताछ की गई,तो यह बात सामने आई कि उसका वीजा जून 2025 से वर्ष 2030 तक वैध है, लेकिन नियमों के अनुसार वह एक कैलेंडर वर्ष में अधिकतम 180 दिन ही भारत में प्रवास कर सकता है। अभियुक्त अगस्त 2025 को भारत आया था, जिसके अनुसार उसके रहने की निर्धारित अवधि 02 फरवरी 2026 को पुरी हो चुकी थी। इसके बाद वह फूड प्वाइजनिंग की समस्या के चलते फरवरी माह में देश छोड़ने के लिए हैदराबाद एयरपोर्ट पहुंचा, जहां एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा जांच करने पर पाया गया कि वह निर्धारित अवधि से 8 दिन अधिक भारत में रह चुका था।
नियम उल्लंघन के कारण उस पर जुर्माना लगाने हेतु बताया गया जिसे चुकाने के लिए अमेरिकन नागरिक ट्रैविस एंथनी ने हैदराबाद स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास से संपर्क किया। वाणिज्य दूतावास द्वारा उसे जुर्माना भरकर अमेरिका लौटने के लिए ऋण देने की पेशकश की गई, जिसे अमेरिका पहुंचकर चुकाना था, परंतु अभियुक्त ने यह लोन चुकाने में असमर्थता जाहिर की। कानूनी कार्रवाई और जुर्माना भरने से बचने के लिए अभियुक्त पिछले कुछ समय से हैदराबाद मे रह रहा था ।
अंततः वह महाराजगंज बॉर्डर के रास्ते अवैध रूप से नेपाल में प्रवेश कर वहां से अपने देश अमेरिका जाने की फिराक में था, जिसे फरेंदा पुलिस ने छतरी पुल के पास से चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया ।