महराजगंज में दशहरा और मूर्ति विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने को लेकर डीएम-एसपी प्रतिबध्द 

रोहिन नदी के त्रिमुहानी घाट का किया निरीक्षण

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! महराजगंज जनपद में दशहरा एवं मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल त्रिमुहानी घाट का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

 

 

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा मूर्ति विसर्जन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था एवं आयोजन से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित भी किया गया कि

मूर्ति विसर्जन के दौरान पर्याप्त सतर्कता बरती जाए तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

 

 

मूर्ति विसर्जन के दौरान घाट पर भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी का निर्वहन करने, निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तत्पर रहने को कहा गया।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करते हुए दशहरा एवं मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए।

महराजगंज पुलिस जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *