महराजगंज में श्रमिक पंजीकरण में तेजी के निर्देश, डीएम ने कहा—पात्र श्रमिकों को योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाएं

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज, 21 अगस्त 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में श्रमिकों के पंजीकरण, अधिष्ठान पंजीयन और निर्माण श्रमिकों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।

जुलाई 2026 तक जिले में मात्र 152 अधिष्ठानों के पंजीयन पर जिलाधिकारी ने असंतोष जताया। उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर अधिष्ठान पंजीयन की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों से जुड़े अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों का पंजीकरण सुनिश्चित कराने को कहा।

डीएम ने वीबी-जी राम जी योजना के लाभार्थियों का भी अभियान चलाकर श्रम विभाग में पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर सक्रियता और बेहतर समन्वय जरूरी है।

बैठक में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW) की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के आवेदन कराने के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी से समन्वय करने को कहा।

 

इसके अलावा संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना तथा निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और पात्र श्रमिकों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिक समाज का संवेदनशील और अपेक्षाकृत कमजोर वर्ग है, जिसे शासन और प्रशासन की सहायता की आवश्यकता होती है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रम विभाग की भूमिका केवल योजनाओं के प्रचार-प्रसार तक सीमित न रहे, बल्कि पात्र श्रमिकों को योजनाओं का वास्तविक और समयबद्ध लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी गणेश कुमार, सहायक आयुक्त उद्योग राकेश जायसवाल, अधिशासी अभियंता आरईडी प्रवीण भारती सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *