एंबुलेंस नहीं मिली तो ठेला बना सहारा! बीमार बेटे को लादकर अस्पताल पहुंचा मजबूर पिता, महराजगंज में वायरल हुआ वीडियो
स्वास्थ्य सुविधाओं के दावों पर सवाल: पनियरा में बेटे को ठेले पर लेकर अस्पताल पहुंचा पिता, मेडिकल कॉलेज रेफर
मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज/पनियरा। जिले के पनियरा क्षेत्र से सामने आया एक वीडियो स्वास्थ्य व्यवस्था और आपातकालीन सुविधाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। वायरल वीडियो में एक बुजुर्ग पिता अपने बीमार बेटे को ठेले पर लादकर अस्पताल पहुंचाता दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि बेटे की तबीयत खराब होने के बाद परिवार को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिल सकी। ऐसे में मजबूर पिता ने ठेले का सहारा लिया और बेटे को अस्पताल तक लेकर पहुंचा।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मरीज को मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों के बीच स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब किसी मरीज को तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत हो, तब यदि एंबुलेंस जैसी बुनियादी सुविधा समय पर उपलब्ध न हो तो जिम्मेदारी किसकी है? एक पिता की यह मजबूरी सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के उन दावों पर सवाल खड़े कर रही है, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की बात कही जाती है।
फिलहाल वायरल वीडियो और सामने आई जानकारी के आधार पर घटना चर्चा में है। एंबुलेंस उपलब्ध न होने के वास्तविक कारण और संबंधित स्वास्थ्य विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।





