महराजगंज स्थित विकास भवन सभागार में आयोजित हुआ नारी शक्ति वंदन सम्मेलन

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज, 13 अप्रैल 2026, विकास भवन सभागार, महराजगंज में “नारी शक्ति वंदन सम्मेलन: पंचायत से पार्लियामेंट तक – निर्माण में नारी, नवभारत की तैयारी” विषयक कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। 

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की माननीय उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी थीं। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आई बड़ी संख्या में महिलाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी प्रदर्शित किया गया, जिसे उपस्थित महिलाओं ने गंभीरता और रुचि के साथ देखा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं परिवर्तन के युग की सशक्त साक्षी बन रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नारी सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। 

उन्होंने बताया कि महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में आरक्षण का लाभ प्रदान किया जा रहा है, जिससे उनकी भागीदारी और सशक्त उपस्थिति सुनिश्चित हो रही है।

उन्होंने आगे कहा कि नारी शक्ति अब केवल कागजों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे धरातल पर साकार रूप दिया जा रहा है। महिलाओं को अन्याय एवं उत्पीड़न के विरुद्ध सजग और साहसी बनकर खड़ा होना होगा। आज बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। 

इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर महिलाओं के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी भी साझा की।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 15 महिलाओं को मंच से प्रशस्ति पत्र एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह उपस्थित महिलाओं के लिए प्रेरणादायक रहा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री महेंद्र कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्री बी.एन. कन्नौजिया, जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) सुश्री श्रेया मिश्रा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी श्री तन्मय, क्षेत्राधिकारी पुलिस सदर, महिला थाना प्रभारी, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकगण, महिला कल्याण विभाग के काउंसलर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *