उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! यूपी के महोबा जनपद में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही एक दलित छात्रा के साथ हुई अमानवीय एवं हृदयविदारक घटना को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी, महराजगंज ने कड़ा विरोध जताते हुए महामहिम राज्यपाल महोदया को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी महराजगंज की उपस्थिति में उनके प्रतिनिधि को सौंपा। यह ज्ञापन उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के निर्देश पर जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि महोबा जनपद में दलित छात्रा के अपहरण के बाद उसे कई दिनों तक बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म, मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न तथा अमानवीय व्यवहार किया गया, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह घटना केवल मानवता को शर्मसार करने वाली नहीं है, बल्कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। ऐसी घटनाएं समाज के कमजोर वर्गों, विशेषकर महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली हैं।

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि पीड़िता के परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए और मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से पूर्व प्रदेश महासचिव त्रिभुवन नारायण मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष झिनकू चौधरी एवं शरद सिंह बबलू, जिला प्रवक्ता गोपाल शाही एवं हृदय नारायण पांडे, जिला महासचिव अम्बरीष शाही, जिला उपाध्यक्ष संगठन विनोद सिंह,वरिष्ठ नेता तेज बहादुर पांडे सहित अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।