मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज, 27 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री गौ संवर्द्धन योजना के तहत प्राप्त आवेदनों के परीक्षण के बाद पात्र पाए गए 78 आवेदकों के बीच सोमवार को ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया गया। ई-लॉटरी का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में किया गया।
ई-लॉटरी के जरिए कुल 28 लाभार्थियों का चयन हुआ, जिसमें 14 महिला और 14 पुरुष लाभार्थी शामिल हैं। चयन प्रक्रिया पात्र आवेदकों की मौजूदगी में कराई गई, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री गौ संवर्द्धन योजना का उद्देश्य गौ-आधारित आजीविका को बढ़ावा देना, पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर पैदा करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चयनित लाभार्थियों को योजना का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए। योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र और जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
ई-लॉटरी के दौरान जिला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी समेत दुग्ध विकास विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।