मनोज कुमार त्रिपाठी
भैरहवा। रसुवागढ़ी क्षेत्र में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से हुई भारी जन-धन की क्षति पर नेपाल–चीन मैत्री समाज लुंबिनी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। समाज ने आपदा प्रभावित परिवारों को राहत, बचाव और पुनर्वास में हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई है।
समाज के अध्यक्ष मनीष कुमार जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में आपदा में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। बैठक में घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रभावित परिवारों और समुदायों के प्रति सहानुभूति जताई गई।
समाज ने संबंधित सरकारी निकायों का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि आपदा से प्रभावित नागरिकों को तत्काल राहत और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना जरूरी है। बैठक में समाज की क्षमता और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर आर्थिक, नैतिक और मानवीय सहयोग उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
नेपाल–चीन मैत्री समाज लुंबिनी ने जरूरत के अनुसार सरकारी एजेंसियों, सामाजिक संस्थाओं और सहयोगी संगठनों के साथ समन्वय कर राहत एवं पुनर्वास के कार्यक्रम आगे बढ़ाने की बात कही है।
इसके साथ ही समाज के सदस्यों, शुभेच्छुओं और सहयोगियों से भी स्वैच्छिक रूप से राहत अभियान में शामिल होने की अपील की जाएगी। समाज ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में पीड़ितों के साथ खड़ा होना केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवीय कर्तव्य भी है।
समाज ने भरोसा दिलाया कि प्रभावित नागरिकों की जरूरत और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए राहत व सहयोग का यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा।


