सुन्दर काण्ड पाठ, भजन और भण्डारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज जनपद के नौतनवा क्षेत्र के पड़ाव स्थित श्री राधाकृष्ण एवं हनुमान मंदिर में गुरुवार, 23 अप्रैल 2026 को पांचवें स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला।

दोपहर 1 बजे से शुरू हुए सुन्दर काण्ड पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। अंतर्राष्ट्रीय सुन्दर काण्ड वाचक राज पाण्डेय ने अपने मधुर वाचन से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद भजन कार्यक्रम में भजन गायक कुमार धीरज और सागर म्यूजिशियन टीम ने अपनी प्रस्तुतियों से भक्तों को भाव-विभोर कर दिया।

कार्यक्रम में मां बनैलिया जागरण ग्रुप द्वारा जागरण का आयोजन भी किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को देर रात तक जोड़े रखा। वहीं, शाम 6 बजे से आयोजित भण्डारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस आयोजन का नेतृत्व गिरजा देवी (पत्नी बाबूलाल मद्धेशिया) ने किया, जबकि राधाकृष्ण एवं हनुमान मंदिर विकास समिति, पड़ाव नौतनवा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
मंदिर परिसर में पूरे दिन जयकारों और भजनों की गूंज रही, जिससे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।