रिश्वतखोरी की खबर से नाराज दरोगा! पत्रकार की गाड़ी का 20 सेकेंड में काट दिया दो बार चालान

एक ही लोकेशन, एक ही फोटो और एक ही आरोप पर दो चालान, पत्रकारों में आक्रोश—एसपी से शिकायत

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज (ठूठीबारी)। कोतवाली ठूठीबारी क्षेत्र में एक पत्रकार के साथ कथित द्वेषपूर्ण कार्रवाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि रिश्वतखोरी से जुड़ी खबर के बाद नाराज दरोगा ने पत्रकार की वैगनआर कार का मात्र 20 सेकेंड के भीतर एक ही स्थान पर “नो पार्किंग” के नाम पर दो चालान काट दिया।

यह घटना ठूठीबारी मुख्य कस्बे के तिराहे के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पत्रकार अपनी गाड़ी को सफेद पट्टी के अंदर खड़ी कर सामने दुकान से सामान लेने गए थे। इसी दौरान पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और लौटते ही एक ही वाहन पर एक ही लोकेशन, एक ही आरोप और एक ही फोटो के आधार पर दो अलग-अलग चालान जारी कर दिए।

पत्रकारों का कहना है कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में कहीं भी अधिकृत पार्किंग जोन नहीं है, ऐसे में इस तरह की कार्रवाई सवालों के घेरे में है। मामला सामने आते ही जिलेभर के इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया से जुड़े पत्रकारों में नाराजगी फैल गई।

इसके बाद पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी से मुलाकात कर शिकायती पत्र सौंपते हुए दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकार के साथ द्वेषपूर्ण कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *