रोहिन नदी के त्रिमुहानी घाट का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण 

जलस्तर और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज! जिले में लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सोमवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने संयुक्त रूप से रोहिन नदी के त्रिमुहानी घाट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, तटबंधों की स्थिति और जलस्तर का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट एवं आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति को बारीकी से देखा। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के जिम्मेदारों को सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को घाट के आसपास लगातार गश्त करने के साथ ही 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए। साथ ही जलस्तर और तटबंधों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जलस्तर में बढ़ोतरी या किसी भी तरह की आपात स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन की ओर से लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था लगातार जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *