सीबीएसई स्कूल मैनेजर्स एसोसिएशन ने डॉ. संजयन त्रिपाठी को गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से घोषित किया अधिकृत प्रत्याशी

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

गोरखपुर! सीबीएसई स्कूल मैनेजर्स एसोसिएशन ने गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद चुनाव के लिए डॉ. संजयन त्रिपाठी को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। इस संबंध में एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष श्याम पांडेय एवं प्रदेश महासचिव सुरेंद्र यादव ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर घोषणा की।

सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में गोरखपुर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और देवरिया जिले के सीबीएसई एवं निजी विद्यालयों के प्रबंधक और प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

प्रदेश अध्यक्ष श्याम पांडेय ने कहा कि अब तक विधान परिषद में निजी विद्यालयों और उनके शिक्षकों का प्रतिनिधित्व करने वाला कोई चेहरा नहीं था। उन्होंने कहा कि निजी विद्यालयों की समस्याओं को सदन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डॉ. संजयन त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया गया है। उन्होंने प्रबंधकों से एकजुट होकर चुनाव में सहयोग करने की अपील की।

एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव सुरेंद्र यादव ने कहा कि शिक्षकों और प्रबंधकों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संघर्ष का शंखनाद कर दिया गया है और डॉ. संजयन त्रिपाठी की जीत के साथ निजी विद्यालयों की आवाज सदन में गूंजेगी।

प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी ने कहा कि निजी विद्यालयों के प्रबंधकों और शिक्षकों पर आए दिन प्रशासनिक दबाव बना रहता है, वहीं अभिभावकों की वास्तविक समस्याओं को भी समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी प्रबंधकों और शिक्षकों को एकजुट कर उनकी समस्याओं को विधान परिषद तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

बता दें कि डॉ. संजयन त्रिपाठी एक जाने-माने शिक्षाविद हैं, देवरिया के एसडीपीजी कॉलेज में हिंदी विभाग के अध्यक्ष हैं, और नवेल्स ग्रुप ऑफ स्कूल्स एंड कॉलेजेस के चेयरमैन हैं।

वर्तमान में उन्हें गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए इस एसोसिएशन द्वारा उम्मीदवार घोषित किया गया है। इससे पहले भी वह स्नातक चुनाव भी सक्रिय दावेदारी रख चुके हैं।

कार्यक्रम में एसोसिएशन के संरक्षक संजय मिश्रा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर हेमंत मिश्रा, सुधीर राय, जीएस राय, धनश्याम मिश्रा, निखिल त्रिपाठी, विकास श्रीवास्तव, प्रांजल त्रिपाठी, प्रखर त्रिपाठी, सुनील श्रीवास्तव, संजीव कुमार सहित क्षेत्र के कई विद्यालयों के प्रबंधक एवं शिक्षाविद मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *