लक्ष्मीपुर द्वितीय में झोपड़ी पर पेड़ गिरने से तीन की मौत

भीषण बारिश और आंधी के बीच विधायक फतेह बहादुर सिंह पहुंचे मौके पर, राहत-बचाव कार्य का लिया जायजा

रिपोर्टर असलम शेख 

कैंपियरगंज, गोरखपुर। कैंपियरगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुर द्वितीय के टोला गजरहिया में शनिवार को भीषण बारिश, आंधी और तूफान के बीच झोपड़ी पर पेड़ गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में झोपड़ी के अंदर मौजूद चार लोग पेड़ के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों, पुलिस और तहसील प्रशासन की मदद से राहत-बचाव कार्य चलाकर सभी को बाहर निकाला गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

मृतकों की पहचान किशन पुत्र हीरालाल (13 वर्ष), सुभाष पुत्र भुल्लुर (45 वर्ष) और ज्ञानमती पत्नी महानंद (40 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं श्याम मिलन पुत्र रामलखन (50 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैंपियरगंज में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही कैंपियरगंज विधायक फतेह बहादुर सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। भीषण बारिश और खराब मौसम के बावजूद उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया तथा अधिकारियों और पुलिस टीम से घटना की जानकारी ली। विधायक ने घायल को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और राहत कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न होने देने के लिए संबंधित अधिकारियों से कहा।

विधायक के साथ एसडीएम, तहसीलदार, लेखपाल, थाना प्रभारी सहित पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। स्थानीय लोगों के सहयोग से बचाव अभियान चलाया गया और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई।

शाम करीब छह बजे प्राप्त सूचना के अनुसार तीन लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई। पुलिस और प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के संबंध में अवगत करा दिया है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है। प्रशासन की टीम घटना की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *