लखनऊ का सनसनीखेज तिहरा हत्याकांड 

कई दिनों से पिस्टल की तलाश में था मानस, कोर्ट की सुनवाई के बाद बढ़ा तनाव

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

लखनऊ! लखनऊ में हुसड़िया इलाके में पत्नी और बहन की हत्या करने के बाद खुदकुशी करने वाले बैंककर्मी मानस बाजपेई को लेकर पुलिस जांच में नए तथ्य सामने आए हैं। पुलिस को जानकारी मिली है कि मानस घटना से पहले कई दिनों से असलहे की तलाश में था। उसके परिचितों के बीच हुई बातचीत से संकेत मिले हैं कि उसने कथित तौर पर पिस्टल हासिल करने के लिए कुछ लोगों से संपर्क भी किया था।

हालांकि हथियार उसे कहां से मिला और किसने उपलब्ध कराया, इसकी जांच पुलिस कर रही है। 

पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पुलिस उपायुक्त पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा के मुताबिक, घटना से पहले मानस की मानसिक स्थिति, उसके संपर्क में रहे लोगों और हथियार की उपलब्धता समेत कई बिंदुओं की जांच की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि मानस अपने परिचितों के बीच पत्नी दिव्या की ओर से मांगे जा रहे कथित एक करोड़ रुपये के भरण-पोषण का जिक्र करता था। 

उसके एक साथी ने पुलिस को बताया कि मानस करीब तीन महीने तक ऑडिट के सिलसिले में शहर से बाहर था। वापस लौटने के बाद उसे कोर्ट की सुनवाई और अगली तारीख के बारे में जानकारी मिली थी।

साथी के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले मानस काफी तनाव में नजर आ रहा था। हालांकि उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि मानस इतना बड़ा कदम उठा सकता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कोर्ट की कार्यवाही के बाद उसकी मानसिक स्थिति में क्या बदलाव आया और क्या इसी दौरान उसने वारदात की योजना बनाई थी।

2025 में फिर बढ़ा पति-पत्नी के बीच विवाद

मानस और दिव्या के रिश्ते में विवाद का सिलसिला पुराना था, लेकिन वर्ष 2025 में दोनों के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया। बताया जा रहा है कि नवंबर 2025 में विवाद के बाद दिव्या ने घर छोड़ दिया था। इसके बाद दोनों के बीच कानूनी विवाद भी बढ़ता चला गया।

जनवरी में दिव्या ने फैमिली कोर्ट में स्त्री धन की वापसी, भरण-पोषण और तलाक से जुड़े तीन अलग-अलग मुकदमे दाखिल किए। इन मामलों की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद और गहरा गया।

इसके बाद मार्च में मानस ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार दोबारा साथ रहने की इच्छा जताते हुए अदालत में अर्जी दी थी। हालांकि दिव्या इसके लिए तैयार नहीं हुई। पुलिस अब इस कानूनी और पारिवारिक विवाद को भी हत्याकांड की परिस्थितियों से जोड़कर देख रही है।

2017 में हुआ था प्रेम विवाह

मानस और दिव्या ने वर्ष 2017 में प्रेम विवाह किया था। इससे पहले वर्ष 2016 में मानस के पिता राबिन बाजपेई की मौत हो गई थी, जिसके बाद परिवार की जिम्मेदारी उसके कंधों पर आ गई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात दिव्या से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।

शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच मतभेद शुरू हो गए। वर्ष 2018 में मानस की मां को कैंसर होने पर दिव्या दोबारा परिवार के साथ रहने लगी। बहन को साथ रखने को लेकर भी पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। वर्ष 2019 में मानस की मां की मौत के बाद दिव्या फिर अलग हो गई थी। हालांकि बाद में बातचीत के जरिए दोनों ने साथ रहने की कोशिश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *