उमेश चन्द्र त्रिपाठी
बलिया। बलिया जिले में जर्जर हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। घटना के बाद भाजपा विधायक केतकी सिंह मौके पर पहुंचीं और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर जमकर नाराजगी जताई।
मौके पर मौजूद अधिकारियों से विधायक ने तीखे सवाल किए और EXEN का हाथ पकड़कर उन्हें घटनास्थल तक ले गईं। इस दौरान उन्होंने कहा, “ये सब आपकी लापरवाही का नतीजा है। अगर समय रहते जर्जर तार बदले गए होते तो आज दो लोगों की जान नहीं जाती।”
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर तारों की शिकायत कई बार की गई थी, लेकिन विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। लोगों का आरोप है कि विभाग की अनदेखी ने दो लोगों की जान ले ली।
विधायक केतकी सिंह ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसी लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, बिजली विभाग ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
यह हादसा एक बार फिर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और जर्जर विद्युत व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।