करीब 60 लाख की लागत से बन रहे छठ घाट की सीढ़ियां उद्घाटन से पहले ही ध्वस्त, निर्माण गुणवत्ता और सरकारी धन के उपयोग पर उठे सवाल।
मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज/नौतनवा। नौतनवा नगर पालिका परिषद में विकास कार्यों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। इस बार मामला नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन छठ घाट का है, जिसकी सीढ़ियां लोकार्पण से पहले ही ध्वस्त हो गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, छठ घाट निर्माण के लिए लगभग 60 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत हुई थी। पहली किस्त के रूप में करीब 30 लाख रुपये जारी किए गए, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण पूरा होने से पहले ही घाट की सीढ़ियां टूट गईं, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
बताया जा रहा है कि परियोजना की दूसरी किस्त भी जारी हो चुकी है। ऐसे में लोगों का कहना है कि जब उद्घाटन से पहले ही निर्माण की यह स्थिति है, तो भविष्य में छठ पर्व के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सरकारी धन से कराए जा रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। लोगों ने मांग की है कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
व्यंग्य यही कहता है कि शायद इस छठ घाट की सबसे मजबूत चीज इसकी फाइल निकली, क्योंकि सीढ़ियां तो लोकार्पण से पहले ही जवाब दे गईं। अब जनता पूछ रही है कि अगर यही विकास है, तो मजबूती किसे कहते हैं?