पुरैनिया ग्राम पंचायत में मानदेय से कथित कटौती का दावा; BDO अमित मिश्रा बोले— आरोप सही पाए गए तो दोषियों के विरुद्ध होगी नियमानुसार कार्रवाई।
मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज ! महराजगंज जनपद की पुरैनिया ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान एवं प्रधानपति पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों ने नया मोड़ ले लिया है। जिस ग्राम पंचायत को अब तक विकास कार्यों के लिए सराहा जा रहा था, वहीं अब एक सफाईकर्मी के वायरल वीडियो ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वायरल वीडियो में सफाईकर्मी ने दावा किया है कि उसे मिलने वाले ₹7,000 मानदेय में से ₹3,000 ग्राम प्रधान द्वारा ले लिए जाते हैं, जबकि उसके हाथ में केवल ₹4,000 ही दिए जाते हैं। वीडियो सामने आने के बाद ग्राम पंचायत में कथित वित्तीय अनियमितताओं और मानदेय में कटौती के आरोपों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए खंड विकास अधिकारी (BDO) अमित मिश्रा ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं और कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासनिक जांच जारी है। आरोपों की पुष्टि या खंडन जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। तब तक मामले में किसी भी पक्ष की जिम्मेदारी तय होना शेष है।