बोले – साइबर क्राइम प्रकरण में मेरा बेटा नवनीत पाण्डेय यदि दोषी पाया गया तो उसका पूरी तरह से परित्याग करूंगा
मेरे विरोधी चाहे जितना भी साजिश कर लें उनके सामने मैं नतमस्तक नहीं होऊंगा- नरसिंह पाण्डेय
मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज! साइबर फ्राड प्रकरण के आरोप में कथित रूप से शामिल नवनीत पाण्डेय के पिता हिंदु युवा वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष व पूर्व जिला पंचायत सदस्य नरसिंह पाण्डेय की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। रविवार को नौतनवां स्थित अपने कैंप कार्यालय में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यदि मेरा बेटा नवनीत पाण्डेय साइबर फ्राड प्रकरण में दोषी पाया गया तो मैं उसका पूरी तरह से परित्याग करूंगा। उन्होंने कहा कि मेरे विरोधी मेरे खिलाफ जितना भी साजिश कर लें मैं उनके सामने कभी नतमस्तक नहीं होऊंगा।
उन्होंने यह भी कहा कि मैंने पहले ही जिला प्रशासन से आशंका व्यक्त की थी कि मेरे विरोधी साजिश के तहत मेरे परिवार को बदनाम करने के लिए फर्जी मुकदमों में फंसाने या जान से मारने तक की साजिश कर सकते हैं। यह सत्य है कि मेरा पुत्र नवनीत पाण्डेय साइबर क्राइम के एक मामले में जांच के दायरे में है। मुझे उत्तर प्रदेश पुलिस की जांच पर पूरा भरोसा है और मैं निष्पक्ष जांच के लिए लगातार उच्च अधिकारियों के संपर्क में हूं।
मैं जनता के समक्ष संकल्प लेता हूं कि यदि जांच में मेरा पुत्र दोषी सिद्ध हुआ तो मैं सार्वजनिक रूप से अपने पुत्र का परित्याग कर दूंगा, जो समाज के लिए एक उदाहरण बनेगा। मेरा राष्ट्रवादी अभियान जीवन पर्यन्त चलता रहेगा इसमें मेरा पुत्र भी बाधक नहीं बन सकता। मेरे विरोधी चाहे जितना भी साजिश कर लें, मैं उनके सामने कभी नतमस्तक नहीं होऊंगा। मेरे सहयोगी व शुभचिंतक धैर्य रखें, जल्द सच्चाई सामने आएगी।
उन्होंने कहा कि मैने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत हिंदुत्व व राष्ट्रवाद की विचारधारा से की है। जिसका अनुसरण मेरा पूरा परिवार करता है।
