उमेश चन्द्र त्रिपाठी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज ग्राम पंचायत पिपरा बाबू स्थित विधायक के पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत आत्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान विधायक प्रेम सागर पटेल से मुलाकात कर घटना के संबंध में जानकारी ली और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि यह परिवार के लिए अत्यंत दुखद क्षण है और इस कठिन समय में प्रदेश सरकार व पूरा समाज परिवार के साथ खड़ा है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना भी की।
गौरतलब है कि सिसवा विधायक की धर्मपत्नी श्रीमती विंद्रावती देवी का 23 अप्रैल 2026 को वृंदावन में हृदयाघात से निधन हो गया था। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार महराजगंज के त्रिमुहानी घाट पर विधि-विधान के साथ संपन्न किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और क्षेत्रीय लोग शामिल हुए थे।

सोमवार को आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया तथा नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम में विधायक के परिजनों में उनके पुत्र धर्मवीर पटेल, कर्मवीर पटेल और धीरज पटेल तथा पुत्र वधुएं रुचि पटेल, ज्योति पटेल और अनुराधा पटेल सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने मिलकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी और उनकी पुण्य स्मृतियों को भावभीनी श्रद्धा के साथ याद किया।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान वातावरण भावुक रहा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।