सीमा पर तस्करी की कोशिश नाकाम, खेत से बरामद हुई सात बोरी यूरिया; तस्कर नेपाल भागा

भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस-एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई, मुखबिर की सूचना पर खेत में मारा छापा, खाद कस्टम विभाग को सौंपी गई।

मनोज कुमार त्रिपाठी 

झुलनीपुर। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने रविवार को सीमा से सटे धमऊर-मटरा गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक खेत में छिपाकर रखी गई सात बोरी यूरिया खाद बरामद की। हालांकि सुरक्षाबलों की आहट मिलते ही तस्कर मौके से नेपाल की ओर फरार हो गया।

रेगहिया पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सूरज तिवारी के नेतृत्व में संयुक्त टीम सीमा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर टीम ने खेत में छापेमारी की, जहां लावारिस हालत में सात बोरी यूरिया खाद बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान तस्कर मौके का फायदा उठाकर सीमा पार भाग निकला।

बरामद खाद को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है। पुलिस फरार तस्कर की पहचान और उसके नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

अभियान में हेड कांस्टेबल अक्षय कुमार, कांस्टेबल अजीत, कांस्टेबल विवेक पांडेय सहित पुलिस एवं एसएसबी के जवान शामिल रहे। सीमा क्षेत्र में खाद तस्करी पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों द्वारा लगातार निगरानी और अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *