– नदी में छलांग लगाने जा रही युवती को संदीप साहनी ने बचाया, पुल की बदहाल स्थिति पर भी उठे सवाल।
रिपोर्टर -अशलम शेख
कैम्पियरगंज।क्षेत्र का करमैनी पुल जो अब “सुसाइड पॉइंट” के नाम से चर्चित हो चुका है, एक बार फिर सुर्खियों में है। क्षेत्रीय विधायक द्वारा पुल पर सुरक्षा जाली लगवाने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक उस पर कोई कार्य शुरू नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शायद जिम्मेदार अपनी घोषणा भूल चुके हैं।
रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक युवती पुल से नदी में छलांग लगाने जा रही थी। संयोगवश उसी समय वहां से गुजर रहे संदीप साहनी की नजर युवती पर पड़ गई। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए युवती को सुरक्षित बचा लिया। यदि समय रहते मदद नहीं मिलती तो एक और दुखद घटना हो सकती थी।
स्थानीय लोगों ने पुल की बदहाल स्थिति को लेकर भी चिंता जताई है। पुल के किनारे रेलिंग के पास मिट्टी जमा होने से बरसात में पानी भरने की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुल का रखरखाव और सफाई नहीं कराई गई, तो यह पुल धीरे-धीरे क्षतिग्रस्त हो सकता है।
गौरतलब है कि यह पुल पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीर बहादुर सिंह की यादों से जुड़ा हुआ है। ऐसे में क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द सुरक्षा जाली लगाने व पुल की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अनहोनी को रोका जा सके।