गोरखपुर पुलिस विभाग में मचा हड़कंप: होमगार्ड हटाया गया, मुंशी सस्पेंड, जांच जारी
मनोज कुमार त्रिपाठी / सत्यम मद्धेशिया
गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना से जुड़ा एक कथित रिश्वतखोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में पासपोर्ट सत्यापन के नाम पर रुपये लेने का आरोप लगाया गया है। मामला सामने आते ही पुलिस अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
इस मामले में SHO ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए संबंधित होमगार्ड को ड्यूटी से हटा दिया गया है, जबकि थाने के मुंशि के खिलाफ भी कार्रवाई की जा चुकी है। विभागीय जांच जारी है और आगे की कार्रवाई प्रक्रिया में है।
सूत्रों के अनुसार, वीडियो में पासपोर्ट वेरिफिकेशन प्रक्रिया के दौरान पैसे लेने की बात सामने आई है। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं।