नए ओवरब्रिज और सर्विस लेन पर ट्रकों की लंबी कतार बनी चिंता का विषय, प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन की मांग
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
सोनौली महराजगंज! भारत-नेपाल सीमा से गोरखपुर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 24 पर हाल ही में निर्मित ओवरब्रिज और सर्विस लेन इन दिनों भारी वाहनों की लंबी कतारों के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है। जाम की स्थिति बनने पर दर्जनों ट्रक घंटों तक ओवरब्रिज के ऊपर ही खड़े रहते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ओवरलोड मालवाहक ट्रकों के सर्विस लेन पर चलने से सोनौली के पास लगभग एक किलोमीटर सड़क ध्वस्त हो चुकी है। जिसे देखने वाला कोई नहीं है। सर्विस लेन पर आम यात्रियों का चलना दूभर हो गया है। इतना ही नहीं सर्विस लेन पर हमेशा दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर नियमित निगरानी और सुचारु यातायात संचालन संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद ओवरब्रिज और सर्विस लेन पर भारी वाहनों का लंबे समय तक खड़ा रहना ट्रैफिक प्रबंधन में संभावित कमी की ओर इशारा करता है। यदि समय-समय पर प्रभावी निरीक्षण और यातायात नियंत्रण किया जाए तो इस प्रकार की स्थिति से बचा जा सकता है।

बारिश के मौसम और ओवरब्रिज के आसपास कुछ कार्य अभी भी जारी होने के कारण अतिरिक्त सतर्कता की आवश्यकता महसूस की जा रही है। ऐसे में पुल पर लंबे समय तक भारी वाहनों की कतार लगना किसी संभावित दुर्घटना की आशंका को भी बढ़ा सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), यातायात पुलिस एवं संबंधित विभाग तत्काल मौके का निरीक्षण कर प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करें, ताकि ओवरब्रिज पर भारी वाहनों की अनावश्यक कतारें समाप्त हों और भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को कम किया जा सके।