बुल्डोजर चलाकर ढहाए कच्चे मकान और बाउंड्री
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
सोनौली महराजगंज! महराजगंज जिले के सोनौली नगर पंचायत स्थित त्रिलोकपुर में मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई। राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने 40 डिसमिल सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया।
इस दौरान सरकारी खलिहान की जमीन पर बने अवैध निर्माण को बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया गया, जिससे भूमाफियाओं और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, त्रिलोकपुर में स्थित लगभग 40 डिसमिल सरकारी खलिहान भूमि पर लंबे समय से कुछ लोगों ने कच्चे मकान और बाउंड्री वॉल बनाकर अवैध कब्जा कर रखा था।
सोनौली नगर पंचायत ने कब्जाधारियों को कई बार नोटिस जारी कर भूमि खाली करने का निर्देश दिया था, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई का निर्णय लिया।
नौतनवां के नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। बुल्डोजर की सहायता से अवैध निर्माण को कुछ ही देर में ध्वस्त कर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया।
कार्रवाई के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि कब्जाधारियों को कई बार नोटिस देकर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था। निर्देशों की अनदेखी के कारण प्रशासन को बुल्डोजर कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का प्रयास किया गया, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराए जाने का स्वागत किया है।