मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री शक्ति मोहन अवस्थी (आईपीएस) के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनौली पुलिस ने अपहरण के एक मामले में बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए 17 वर्षीय अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया है। साथ ही मामले में नामजद आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष सोनौली श्री महेन्द्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में, क्षेत्राधिकारी नौतनवा श्री बसंत कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा श्री सिद्धार्थ के निर्देशन में गठित पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। थाना सोनौली में दिनांक 12 जून 2026 को दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 54/2026, धारा 137(2) एवं 87 बीएनएस के तहत दर्ज मामले में पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी।
उपनिरीक्षक अजय कुमार, कांस्टेबल सुरेन्द्र भारद्वाज, रिक्रूट आरक्षी सत्यम तथा महिला कांस्टेबल सरोज सिंह की टीम ने शनिवार को थाना क्षेत्र के भगवानपुर एसएसबी रोड स्थित परसौनी चौराहे के पास से अपहृता को बरामद कर लिया। इस दौरान नामजद आरोपी सब्बीर अली (26 वर्ष) पुत्र किफायत अली निवासी ग्राम दोगहरा, थाना परसामलिक, जनपद महराजगंज को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद की गई पीड़िता कौशिल्या (17 वर्ष) पुत्री रामू निवासी ग्राम भगवानपुर टोला अम्बेडकरनगर, थाना सोनौली, जनपद महराजगंज है।
पुलिस द्वारा आरोपी एवं बरामद पीड़िता को थाना सोनौली लाया गया, जहां आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा हेतु माननीय न्यायालय महराजगंज भेज दिया गया।