नो-मैन्स लैंड के पास पुलिस-SSB की दबिश, दो गिरफ्तार; बाइक भी जब्त
मनोज कुमार त्रिपाठी
सोनौली/महराजगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोनौली पुलिस और SSB की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने खनुआ क्षेत्र के नो-मैन्स लैंड के पास कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर 6 बोरी कद्दू के बीज और एक इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 30 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम खनुआ के टोला बजरडिहवा स्थित नो-मैन्स लैंड के पास की गई। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग तथा तस्करी की रोकथाम के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामकरन यादव (22 वर्ष), निवासी आराजी सरकार उर्फ जोत फरेन्दा, थाना सोनौली और गणेश जायसवाल (53 वर्ष), निवासी सरोजनी नगर, नौतनवा के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद 6 बोरी कद्दू के बीज और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 111 कस्टम अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामद माल और गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा भेजा जा रहा है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्तिमोहन अवस्थी (IPS) के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह के पर्यवेक्षण और सोनौली थानाध्यक्ष महेन्द्र कुमार मिश्र की अगुवाई में की गई।
संयुक्त टीम में सोनौली पुलिस से उपनिरीक्षक अभिषेक जायसवाल, कांस्टेबल गुलशन यादव और प्रवीण कुमार सिंह तथा SSB से निरीक्षक अभिनेश कुमार, मुख्य आरक्षी रामतिलक मौर्य, आरक्षी राधेश्याम और अनुज कुमार साहनी शामिल रहे।


