सोशल मीडिया स्टंट पड़ा भारी: नौतनवा में चलती स्कॉर्पियो से युवक का खतरनाक करतब, ₹50 हजार चालान के बाद वाहन सीज

महाराजगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: वायरल वीडियो का लिया संज्ञान, स्टंटबाजी पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज:
जनपद में सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ महाराजगंज पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में नौतनवा क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर एक युवक चलती स्कॉर्पियो गाड़ी से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट करता दिखाई दिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में नौतनवा पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए युवक की पहचान प्रिन्स मद्वेशिया पुत्र रमेश मद्वेशिया निवासी जगरनाथपुर टोला परशुरामपुर थाना सोनौली जनपद महराजगंज के रूप में की। पुलिस ने काले रंग की स्कॉर्पियो का ₹50,000 का चालान करते हुए वाहन को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया।

महाराजगंज पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए सड़क पर स्टंटबाजी न करें। यातायात नियमों का उल्लंघन न केवल दंडनीय अपराध है, बल्कि इससे लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *