समाधान दिवस में ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार
मनोज कुमार त्रिपाठी
नौतनवा, महराजगंज। नौतनवा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्राम हरदीडाली के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के समक्ष भूमि अधिग्रहण मुआवजा न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2017 में सेतु निर्माण के लिए उनकी भूमि का अधिग्रहण किया गया था, लेकिन लगभग नौ वर्ष बीत जाने के बाद भी उन्हें मुआवजे की राशि का भुगतान नहीं किया गया।

प्रार्थना-पत्र के अनुसार, महेश पुत्र रामलालित सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि उनकी भूमि सेतु निगम, उत्तर प्रदेश द्वारा सेतु निर्माण परियोजना के लिए ली गई थी। उनका कहना है कि बार-बार संबंधित विभाग के चक्कर लगाने के बावजूद अब तक भुगतान नहीं हो सका है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अधिग्रहित भूमि का लंबित मुआवजा जल्द से जल्द दिलाया जाए, ताकि वर्षों से लंबित उनकी समस्या का समाधान हो सके।

इसी शिकायत के दौरान समाधान दिवस का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव फरियादियों से बातचीत करते और जिलाधिकारी के समक्ष अपनी बात रखते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की परिस्थितियों तथा उसमें दिखाई दे रहे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
