नौतनवां का निवासी है गिरफ्तार आरोपी
हेलमेट में छिपाकर रखी गई थी भारतीय मुद्रा, दो ब्लैंक चेक भी बरामद, पूछताछ जारी
मनोज कुमार त्रिपाठी
भैरहवा नेपाल! भारत से नेपाल प्रवेश कर रहे एक भारतीय नागरिक को नेपाल की संयुक्त जांच टीम ने सात लाख रुपये भारतीय मुद्रा के साथ गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उसके पास से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के दो ब्लैंक चेक भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार युवक की पहचान महराजगंज जिले के नौतनवां निवासी 26 वर्षीय विशाल यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात रुपंदेही जिले के सिद्धार्थनगर नगरपालिका-1 स्थित पिपलबोट संयुक्त जांच चौकी पर भारत से नेपाल की ओर जा रही मोटरसाइकिल संख्या UP 53 DJ 2671 को जांच टीम ने रोका। वाहन की जांच के बाद युवक की तलाशी ली गई।
जांच के दौरान युवक के हेलमेट के अंदर छिपाकर रखी गई सात लाख रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद होने की बात सामने आई। बरामद भारतीय रकम की कीमत नेपाली मुद्रा में करीब 11 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
इसके अलावा तलाशी के दौरान युवक के पास से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के दो ब्लैंक चेक भी बरामद किए गए। हालांकि, बरामद नकदी और चेक के संबंध में युवक से पूछताछ तथा रकम के स्रोत और उद्देश्य को लेकर जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई सशस्त्र पुलिस बल नेपाल, सीमा सुरक्षा गुल्म डंडा और इलाका पुलिस कार्यालय बेलहिया की संयुक्त टीम ने की। टीम का नेतृत्व सशस्त्र पुलिस नायब निरीक्षक गणेश बहादुर रोका मगर और पुलिस सहायक निरीक्षक विमल पौडेल ने किया।
नेपाल पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक, मोटरसाइकिल और बरामद सामान को आगे की जांच एवं कानूनी कार्रवाई के लिए सशस्त्र पुलिस बल नेपाल, सीमा सुरक्षा गुल्म मुख्यालय डंडा, रुपंदेही के सुपुर्द किया गया है।
मामले में बरामद रकम के स्रोत, नेपाल ले जाने के उद्देश्य और ब्लैंक चेक से जुड़े पहलुओं की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
