जखीरा चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने ई-रिक्शा और स्कूटी को मारी टक्कर, दो की मौत, एक गंभीर

घुघली में दर्दनाक सड़क हादसा: ई-रिक्शा चालक की मौके पर मौत, स्कूटी सवार ने अस्पताल में तोड़ा दम

दिलीप त्रिपाठी 

महराजगंज/घुघली। थाना घुघली क्षेत्र के जखीरा चौराहे पर शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुलिस के अनुसार, करीब रात 8 बजे तेज व लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रेलर संख्या BR28GB3052 ने ई-रिक्शा संख्या UP56BT2699 और एक मोटरसाइकिल/स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक सुरेश पुत्र त्रिवेणी, निवासी बसंतपुर, थाना घुघली की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में स्कूटी सवार महबूब अंसारी पुत्र मुसाहिब, निवासी मठिया, थाना घुघली गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ सवार लाल मोहन पुत्र खेदन, निवासी मठिया की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल महबूब अंसारी को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली भेजा गया, जहां से परिजनों ने उन्हें केएमसी महराजगंज में भर्ती कराया। उनका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष घुघली अरविन्द कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस महराजगंज भेज दिया। वहीं हादसे में शामिल ट्रेलर को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। ट्रेलर चालक की पहचान बृजेश कुमार त्रिपाठी पुत्र पुरुषोत्तम त्रिपाठी, निवासी टीकर परसौनी, थाना चौक, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था तथा यातायात व्यवस्था सामान्य है। प्रकरण में तहरीर प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *