₹50 हजार और मोबाइल गायब—परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज ! महराजगंज जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम इलाहाबास, टोला लखनपुर में एक गंभीर और संदिग्ध घटना सामने आई है। बीते 3 अप्रैल 2026 की देर रात एक युवक को बुरी तरह घायल अवस्था में सड़क किनारे पाया गया। परिजनों का आरोप है कि युवक को मारपीट कर मरणासन्न कर दिया गया और उसके पास से ₹50,000 नकद व दो मोबाइल फोन गायब हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना की रात युवक को एक फोन कॉल के जरिए बाबा चौराहे पर बुलाया गया, जहां पहुंचने पर वह बेहोशी की हालत में मिला। मौके पर मौजूद कुछ लोगों की गतिविधियां परिजनों को संदिग्ध लगीं। खास बात यह रही कि एक व्यक्ति को पहले से यह जानकारी थी कि गाड़ी की चाबी युवक की जेब में है, जिससे पूरे घटनाक्रम पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और अभी तक उसे होश नहीं आया है। डॉक्टरों के अनुसार, युवक को गंभीर रूप से पीटा गया है और उसकी स्थिति नाजुक है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि कोल्हुई और बृजमनगंज थानों के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर मामला उलझा हुआ है, जिसके कारण अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पाई है। परिजन लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं और पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है कि मामले में तत्काल FIR दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में कोल्हुई थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल इस पूरे मामले ने क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन कब तक इस मामले में ठोस कदम उठाता है।