उमेश चन्द्र त्रिपाठी
सोनौली महराजगंज!
भारत-नेपाल सीमा के अंतर्राष्ट्रीय महत्व के कस्बे सोनौली में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब साइबर क्राइम ब्रांच की टीम ने एक कार्यालय पर पहुंचकर दो लोगों को हिरासत में ले लिया। सूत्रों के अनुसार टीम ने पिता और पुत्र दोनों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है।
बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति सोनौली नगर पंचायत की एक वार्ड सभासद के पति हैं, जबकि दूसरा उनका पुत्र है। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे कस्बे में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर में साइबर क्राइम ब्रांच की टीम सोनौली पहुंची और सीधे एक ऑफिस में जाकर दोनों व्यक्तियों को अपने कब्जे में लेकर रवाना हो गई। कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से की गई, जिससे मौके पर मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं सके।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों व्यक्तियों को किस मामले में उठाया गया है और उन पर क्या आरोप हैं। साइबर क्राइम ब्रांच की कार्रवाई के बाद पूरे सोनौली क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।