सोनौली सीमा पर आग का महातांडव, चिप्स सेंटर जलकर खाक; नेपाल की दमकल ने दिखाई इंसानियत और तत्परता

मनोज कुमार त्रिपाठी 

सोनौली/महराजगंज! भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा के सोनौली मुख्य गेट के पास शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चिप्स निर्माण प्रतिष्ठान में अचानक भीषण आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा चिप्स, खाद्य सामग्री, मशीनें तथा अन्य उपकरण जलकर पूरी तरह राख हो गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में लाखों रुपये की क्षति हुई है।

जानकारी के अनुसार, कृष्णा चिप्स सेंटर के संचालक रविशंकर सहानी सुबह चिप्स तैयार कर रहे थे। इसी दौरान कड़ाही में गर्म तेल भभक उठा और आग ने पूरे प्रतिष्ठान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावह लपटों ने आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैला दी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और एसएसबी के जवान मौके पर पहुंच गए तथा आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी बीच नेपाल की दमकल गाड़ी सबसे पहले मौके पर पहुंची और तेजी से राहत कार्य शुरू किया। बाद में भारतीय अग्निशमन विभाग की टीम भी पहुंची। दोनों देशों की दमकल टीमों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि नेपाल की दमकल समय पर नहीं पहुंचती तो आग आसपास की कई अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी, जिससे नुकसान कई गुना बढ़ जाता।

सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने कुछ समय के लिए मुख्य सीमा गेट पर आवागमन रोक दिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं, वहीं लोगों ने भारत और नेपाल की राहत एवं सुरक्षा टीमों की तत्परता की जमकर सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *