मनोज कुमार त्रिपाठी
गोरखपुर! पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल धूषण टोला बड़की रेतवहिया में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब मां के ब्रह्मभोज के दौरान हुए
पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि ब्रह्मभोज में शामिल होने और खर्च को लेकर सगे भाइयों के बीच कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी कोमल शर्मा के चार पुत्र हैं। परिवार में मां की हाल ही में बीमारी के बाद मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद मंगलवार को ब्रह्मभोज का आयोजन किया गया था। इसी कार्यक्रम में बड़े बेटे दुर्गविजय और दूसरे भाई के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि दुर्गविजय ने पिस्टल निकालकर छोटे भाई सत्यप्रकाश उर्फ शुभम शर्मा के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन आनन-फानन में घायल को बीआरडी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।