सनौली नगर पालिका के बड़े बाबू संजय श्रीवास्तव बिगड़े बोल

चारे की अव्यवस्था और चारे के नाम पर कथित घोटाला, बड़े बाबू संजय श्रीवास्तव पर उठे सवाल

सोनौली क्षेत्र की गौशाला को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने गौवंशों के रखरखाव और चारे की व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि गौशाला में पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था नहीं है, जबकि चारे के नाम पर खर्च दिखाए जाने की चर्चा क्षेत्र में बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गौवंशों के लिए लगभग दो एकड़ भूमि में चारा लगाए जाने का दावा किया जाता है, लेकिन मौके पर निरीक्षण के दौरान खेत में चारा दिखाई नहीं दिया और अधिकांश भूमि खाली या झाड़ियों से भरी हुई नजर आई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह खेत सोनौली नगर पंचायत के सभासद राधेश्याम यादव का बताया जा रहा है। 

इसी बीच, मामले को लेकर एक वायरल ऑडियो भी चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का दावा है कि उक्त ऑडियो में सोनौली नगर पंचायत के बड़े बाबू संजय श्रीवास्तव की आवाज सुनाई दे रही है, जिसमें कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, “मुझे उससे क्या मतलब है, यहां आदमी मर जा रहे हैं तो गायों का क्या है।” इस कथित ऑडियो के सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच नाराजगी देखी जा रही है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।

मामले की जानकारी लेने और संबंधित पक्ष का पक्ष जानने के लिए सोनौली नगर पंचायत की ईओ सुरभि मिश्रा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला, जिसके कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। वहीं, बड़े बाबू संजय श्रीवास्तव की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि गौशाला प्रबंधन में कई स्तरों पर अनियमितताएं हो रही हैं और चारे की व्यवस्था को लेकर वास्तविक स्थिति तथा अभिलेखों में दर्ज विवरण के बीच अंतर की जांच होनी चाहिए। लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *