गौशाला में क्या छिपाया जा रहा था? हड्डियों की खेप मिलने के दावे के बाद मचा बवाल

करणी सेना-बजरंग दल ने खोला मोर्चा, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गौशाला पहुंचे

मनोज कुमार त्रिपाठी 

सोनौली/महराजगंज। त्रिलोकपुर स्थित कान्हा गौशाला एक बार फिर सुर्खियों में है। गौमाताओं की लगातार हो रही मौतों और गौशाला की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर पहले से ही विवादों में घिरी इस गौशाला में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर में बड़ी मात्रा में हड्डियों के अवशेष मिलने का दावा किया गया। सूचना फैलते ही करणी सेना और बजरंग दल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में गौशाला पहुंच गए और मौके पर धरना शुरू कर दिया।

धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गौशाला में लंबे समय से गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। उनका कहना है कि लगातार हो रही गौमाताओं की मौतों के बाद अब हड्डियों के अवशेष मिलने के दावे ने पूरे मामले को और भी गंभीर बना दिया है। प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि आखिर गौशाला परिसर में ये हड्डियां कहां से आईं और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।

मौके पर करणी सेना और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और गौशाला की व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुटे हुए हैं, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

समाचार लिखे जाने तक कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था। सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों के मौके पर पहुंचने की संभावना है। फिलहाल सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन इस पूरे मामले में क्या कार्रवाई करता है और हड्डियों के अवशेष मिलने के दावे की जांच किस प्रकार कराई जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *