भारत-नेपाल सीमा पर मूर्ति तस्करी का भंडाफोड़, दो तस्कर गिरफ्तार

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

नौतनवा, महराजगंज ! 66 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा के पास तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल करते हुए बहुमूल्य मिश्रधातु की मूर्ति और नकदी के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी सुरक्षा बलों को चकमा देकर फरार हो गया।

सीमा चौकी चंडीथान को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर एक कार में बहुमूल्य मिश्रधातु की मूर्ति और नकदी लेकर नेपाल की ओर जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही समवाय प्रभारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस चौकी संपत्तिहा को अवगत कराया। इसके बाद एसएसबी के निरीक्षक जितेंद्र कुमार ठाकुर, उपनिरीक्षक जतिन व चार अन्य जवानों तथा पुलिस उपनिरीक्षक मनीष व दो अन्य पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम गठित की गई।

टीम ने बरवाकला से चंडीथान रोड पर रेलवे अंडरपास के पास संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में सवार लोगों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जब गहन जांच की गई तो कार से लगभग 7.6 किलोग्राम वजन की बहुमूल्य मिश्रधातु की मूर्ति और 50 हजार रुपये भारतीय मुद्रा बरामद हुई। 

पूछताछ में युवकों ने अपना नाम विद्यासागर निवासी गांव सोबदा ठूठीबारी, राम सिंह पासी निवासी गांव तरगौली सुनवल जिला नवलपरासी बताया।

बरामदगी होते ही कार में सवार एक युवक सुरक्षा बलों को चकमा देकर मौके से फरार हो गया, जबकि दो अन्य युवकों को टीम ने दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपित की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि बरामद मूर्ति को तस्करी के जरिए नेपाल ले जाने की योजना थी। बरामद मूर्ति, नकदी और वाहन को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय को सिपुर्द कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले में तस्करी के पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *