गोरखपुर से नागपुर, फिर कोलकाता और सहजनवा तक ले जाने का आरोप; पीपीगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा।
द इंडिया एक्सप्रेस न्यूज
गोरखपुर/पीपीगंज। पीपीगंज थाना क्षेत्र में रिश्तों के भरोसे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति के दोस्त पर बहला-फुसलाकर घर से ले जाने, कई शहरों में घुमाकर उसके साथ दुष्कर्म करने, विरोध करने पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान शैलेष यादव (38 वर्ष) के रूप में हुई है। महिला का आरोप है कि आरोपी उसे गोरखपुर से लखनऊ और दिल्ली होते हुए नागपुर ले गया, जहां एक होटल में उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी उसे कोलकाता ले गया, जहां एक कमरे में करीब दो सप्ताह तक बंधक बनाकर उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया गया। बाद में उसे गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र स्थित एक होटल में भी ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पीपीगंज पुलिस ने शनिवार रात करीब 9:30 बजे आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं तथा विवेचना जारी है। आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।