मंडलायुक्त, जिलाधिकारी सहित प्रशासनिक, पुलिस एवं सैन्य अधिकारियों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
मनोज कुमार त्रिपाठी
गोरखपुर,। गोरखपुर स्थित योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, रामगढ़ताल में गुरुवार को हिन्दुस्तान मीडिया वेंचर्स लिमिटेड द्वारा आयोजित ‘हिन्दुस्तान प्रतिभा सम्मान–2026’ समारोह में पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में उत्तर प्रदेश बोर्ड, सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों के योगदान की भी सराहना की गई।

समारोह में मंडलायुक्त गोरखपुर अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी गोरखपुर दीपक मीणा, एम्स गोरखपुर की कार्यकारी निदेशक मेजर जनरल डॉ. विभा दत्त, सैनिक स्कूल गोरखपुर के प्रधानाचार्य कर्नल देवेंद्र सिंह चौहान, संयुक्त आयुक्त, उद्योग एस. चेनप्पा, पुलिस अधीक्षक (नगर) निमिष पाटिल, पुलिस अधीक्षक (नॉर्थ) ज्ञानेंद्र कुमार, गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल, पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सुमित कुमार तथा जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) गोरखनाथ पटेल सहित अनेक वरिष्ठ प्रशासनिक, पुलिस, शिक्षा एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और शिक्षा, अनुशासन तथा निरंतर परिश्रम के बल पर जीवन में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने का संदेश दिया।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और विभिन्न करियर विकल्पों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई। विशेषज्ञों ने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने तथा अपने कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं एवं सरकार की विभिन्न योजनाओं के चयनित लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के पावर्ड बाय पार्टनर के रूप में एचपीजीके इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड एवं आईटीएम गीडा, गोरखपुर जुड़े रहे। एजुकेशन पार्टनर के रूप में केआईपीएम गीडा, गोरखपुर ने सहयोग किया। नॉलेज पार्टनर के रूप में पूर्वांचल पब्लिक स्कूल, एच.पी. चिल्ड्रन्स एकेडमी, द पिलर्स पब्लिक स्कूल तथा डीपी मोटर्स (डीपी हीरो) की सहभागिता रही। इसके अतिरिक्त आकाश इंस्टीट्यूट तारामंडल, शेड हाइब्रिड एकेडमी, जे.पी. एजुकेशन एकेडमी, सुयश इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, कृस किंगल एकेडमी, सेंट्रल एकेडमी, बी.एन. पब्लिक स्कूल तथा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने भी आयोजन में सहयोगी की भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत हिन्दुस्तान मीडिया वेंचर्स लिमिटेड, गोरखपुर यूनिट के महाप्रबंधक एवं यूनिट हेड राजीव त्रिपाठी तथा संपादक राकेश पाल ने किया। समारोह में गोरखपुर मंडल सहित महाराजगंज, देवरिया, कुशीनगर एवं आसपास के जनपदों के अनेक विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों, शिक्षकों तथा शहर के गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

इस अवसर पर द इंडिया एक्सप्रेस न्यूज़ के संपादक उमेश चंद्र त्रिपाठी के पौत्र एवं द इंडिया एक्सप्रेस न्यूज़ के निदेशक मनोज कुमार त्रिपाठी के पुत्र कृष्णकांत त्रिपाठी को हाईस्कूल परीक्षा में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सम्मानित किया गया। उन्हें ज्ञानेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक (एसपी नॉर्थ), गोरखपुर द्वारा मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त होने पर उनके परिवार, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह शिक्षा, प्रतिभा और प्रेरणा का संगम बनकर उभरा, जहाँ मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान के साथ उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।


