सोनौली नगर पंचायत में मनोनीत सभासदों का हंगामा, विकास कार्यों की अनदेखी का लगाया आरोप

सड़क-नाली निर्माण प्रस्तावों पर कार्रवाई न होने से नाराज दिखे मनोनीत सभासद, टैक्सी स्टैंड नीलामी की जानकारी न देने पर भी जताई आपत्ति; वरिष्ठ लिपिक ने दो दिन में निरीक्षण का दिया आश्वासन।

मनोज कुमार त्रिपाठी 

सोनौली (महराजगंज)। आदर्श नगर पंचायत सोनौली कार्यालय में बुधवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मनोनीत सभासद रवि वर्मा, प्रेम जायसवाल और हरिनारायण लोधी एक साथ नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई।

मनोनीत सभासदों का आरोप था कि उन्होंने नगर में सड़क और नाली निर्माण सहित कई विकास कार्यों के प्रस्ताव काफी पहले नगर पंचायत प्रशासन को सौंपे थे, लेकिन अब तक उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना था कि विकास संबंधी बैठकों और निर्णयों में उन्हें शामिल नहीं किया जा रहा है, जबकि कुछ चुनिंदा सभासदों के साथ ही बैठकें आयोजित की जा रही हैं।

सभासदों ने नगर में टैक्सी स्टैंड की नीलामी जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी भी उन्हें नहीं दिए जाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि इससे नगर पंचायत की कार्यप्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं और मनोनीत जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा की जा रही है।

इस दौरान सभासदों और नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक संजय श्रीवास्तव के बीच करीब एक घंटे तक तीखी नोकझोंक हुई। कार्यालय परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल काफी गर्म रहा।

विवाद बढ़ने पर वरिष्ठ लिपिक संजय श्रीवास्तव ने सभासदों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा बताए गए स्थलों का दो दिनों के भीतर निरीक्षण कराया जाएगा तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर विकास कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।

फिलहाल सभासदों ने प्रशासन के आश्वासन पर अपनी नाराजगी शांत की है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि नगर पंचायत प्रशासन तय समय के भीतर विकास कार्यों को अमल में लाता है या मनोनीत सभासदों का विरोध आगे और तेज होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *