बहराइच में भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और पुलिस का बड़ा एक्शन 

‘वारिस पंजाब दे’ का वांटेड बिक्रम जीत सिंह और अमेरिकी नागरिक मनवीर सिंह ढिल्लो समेत 05 गिरफ्तार

उमेश चन्द्र त्रिपाठी/मनोज कुमार त्रिपाठी 

लखनऊ! भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खालिस्तानी अलगाववादी संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ से जुड़े वांटेड बिक्रम जीत सिंह और बिना वीजा भारत में घुसपैठ कर रहे एक सिख अमेरिकी नागरिक मनवीर सिंह ढिल्लो को गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले में मदद करने वाले 3 स्थानीय लोगों समेत कुल 5 गिरफ्तार हुए हैं।

बहराइच जिले में भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और पुलिस ने भारत में घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश नाकाम कर दी। इस दौरान खालिस्तान-समर्थक संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ के एक वॉन्टेड सदस्य और उससे जुड़े एक अमेरिकी नागरिक को धर दबोचा। बहराइच पुलिस ने गिरफ्तार लोगों की पहचान विक्रम जीत सिंह (जो पंजाब में 2023 में एक पुलिस स्टेशन पर हुए हमले के मामले में वॉन्टेड है) और अमेरिकी नागरिक मनवीर सिंह ढिल्लों (जो पंजाब के मोगा जिले का रहने वाला है) के तौर पर की है। 

दोनों शख्स नेपाल से रुपईडीहा बॉर्डर पोस्ट पार कर भारतीय इलाके में घुसने की फिराक में थे, तभी सुरक्षा बलों की नजर उन पर पड़ गई उनको गिरफ्तार कर लिया गया। सशस्त्र सीमा बल और यूपी पुलिस के एक संयुक्त ऑपरेशन में तीन भारतीय नागरिकों, सुरेश कुमार पाठक, दिलीप उपाध्याय और कार ड्राइवर राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। इन तीनों पर दो लोगों को भारत में गैर-कानूनी तरीके से घुसने में मदद करने की कोशिश का आरोप है।

बता दें कि ‘वारिस पंजाब दे’ एक सामाजिक संगठन है, जिसे 2021 में एक्टर-कार्यकर्ता दीप सिद्धू ने शुरू किया था। तब से, यह संगठन और इसके सदस्य पंजाब के धार्मिक-राजनीतिक माहौल में चर्चा में बने रहते हैं, जिससे अशांति का माहौल पैदा हुआ है। बहराइच के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि पांच लोगों को अरेस्ट किया गया है, जिनमें दो ऐसे घुसपैठिए शामिल हैं, जिनके पास वैध दस्तावेज नहीं थे और वे सीमा पार कर रहे थे।

एसपी के मुताबिक, पंजाब पुलिस अलग-अलग मामलों में इन दोनों लोगों की तलाश कर रही थी। शुरुआती पूछताछ के मुताबिक बिक्रम जीत सिंह कई दिनों से फरार था। जबकि शक है कि ढिल्लों कानूनी एजेंसियों की नजर से बचने के लिए बिना वीजा के नेपाल के रास्ते भारत में दाखिल हुआ था। जांच और पूछताछ के दौरान उनकी पहचान और संगठन से उनके कथित संबंधों का पता चला है। पुलिस ने रूपईडीहा पुलिस स्टेशन में दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्द कर उनको गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *