फरेंदा थाने में तैनात एसआई अतुल सिंह की रील को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म
राहुल सिंह
महराजगंज! फरेंदा थाने में तैनात उपनिरीक्षक अतुल सिंह की सोशल मीडिया पर सक्रियता इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं पुलिस विभाग के आला अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का मखौल उड़ाया जा रहा है। आरोप है कि उनके द्वारा पुलिस की वर्दी में रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा की जा रही हैं। इसे लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिसकर्मियों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर विभागीय स्तर पर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। ऐसे में ड्यूटी अथवा पुलिस की वर्दी में सोशल मीडिया के लिए वीडियो और रील बनाए जाने को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
लोगों का कहना है कि पुलिस की वर्दी अनुशासन और जिम्मेदारी का प्रतीक है, इसलिए सोशल मीडिया गतिविधियों में भी विभागीय मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए।
लोगों ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया के दौर में पुलिसकर्मियों की सक्रियता से विभाग की छवि सीधे तौर पर प्रभावित होती है। ऐसे में यदि किसी पुलिसकर्मी द्वारा विभागीय निर्देशों का उल्लंघन किया जाता है तो अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
अब इस मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा ने बताया, मेरे संज्ञान में नहीं है। अगर इस तरह का मामला है तो संज्ञान में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अब देखने वाली बात होगी कि सोशल मीडिया पर वर्दी में रील बनाए जाने के मामले में पुलिस विभाग की ओर से जांच की जाती है या नहीं और जांच के बाद क्या कार्रवाई सामने आती हैं।