आरोपी मुन्नवर अली गिरफ्तार
परिजनों ने लगाए दुष्कर्म व नेपाल ले जाने के प्रयास के आरोप
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! जनपद के चौक थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी मुन्नवर अली को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं, पीड़िता और उसके परिजनों ने आरोपी व अन्य लोगों पर दुष्कर्म, नशीला पदार्थ पिलाने, अपहरण कर नेपाल ले जाने का प्रयास करने तथा जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
क्या कहती है पुलिस?
अपर पुलिस अधीक्षक के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को थाना चौक पर एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि 28 जुलाई 2026 को उसकी नाबालिग पुत्री को मुन्नार अली और उसका भाई गब्बर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी ने किशोरी को रोककर परिजनों को इसकी सूचना दी।
तहरीर के आधार पर थाना चौक में मुकदमा अपराध संख्या 126/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया तथा नियमानुसार बयान दर्ज किया गया। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 506(1) बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 जोड़ी गई। पुलिस ने आरोपी मनवर अली को गिरफ्तार कर 31 जुलाई 2026 को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य है।
परिजनों का आरोप
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि मुन्नवर अली और उसका भाई गब्बर झाड़-फूंक का काम करते हैं। उनका कहना है कि उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर बुलाया गया, उसके साथ दुष्कर्म किया गया और विरोध करने पर वीडियो वायरल करने व जान से मारने की धमकी दी गई।
परिजनों का यह भी आरोप है कि आरोपी नाबालिग को नेपाल ले जा रहे थे, लेकिन ठूठीबारी स्थित एसएसबी ने उन्हें पकड़ लिया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और आजीवन कारावास की मांग की है।
पीड़िता का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि स्कूल से लौटते समय मुन्नवर और गब्बर सहित कुछ लोगों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया। विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को धमकी दी गई। पीड़िता का कहना है कि वाहन में उसे पानी पिलाया गया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसने स्वयं को ठूठीबारी बॉर्डर स्थित एसएसबी के पास पाया। उसने यह भी आरोप लगाया कि रास्ते में आरोपी फोन पर किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे और उसे कहीं ले जाने की बात कर रहे थे।
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। वहीं, पीड़िता और उसके परिजनों द्वारा लगाए गए दुष्कर्म, नेपाल ले जाने की साजिश तथा अन्य गंभीर आरोप जांच के अधीन हैं। इन आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।