नौतनवा पुलिस की बड़ी कामयाबी 

15 लाख रुपए मूल्य का तस्करी का सामान जब्त 

भारत-नेपाल सीमा पर यूरिया, कपड़े और हुक्का बरामद

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! महराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर चलाए जा रहे तस्करी विरोधी अभियान के तहत नौतनवां पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने शनिवार को भुण्डी छठ घाट क्षेत्र से लगभग 15 लाख रुपये मूल्य का तस्करी का सामान जब्त किया। इसमें भारतीय यूरिया खाद, कपड़ों के गठ्ठर और बड़ी मात्रा में फ्लेवर्ड हुक्का शामिल है। कस्टम अधिनियम की धारा 113 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

महराजगंज के पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी,अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवां बसंत सिंह के मार्गदर्शन में नौतनवां थाने की पुलिस लगातार सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी कड़ी में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर भुण्डी छठ घाट पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 9 बोरी भारतीय यूरिया खाद, 2 बड़े और 3 छोटे कपड़ों के गठ्ठर बरामद किए। इसके अतिरिक्त, 1 किलोग्राम के 324 पैकेट, 500 ग्राम के 12 पैकेट और 250 ग्राम के 528 पैकेट फ्लेवर्ड हुक्का भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये है।

बरामदगी के तुरंत बाद, पुलिस ने नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव को दूरभाष पर सूचित कर मौके पर बुलाया। इसके उपरांत, कस्टम अधिनियम की धारा 113 के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई।

इस कार्रवाई को भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी विरोधी अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। 

पुलिस ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि आवश्यक वस्तुओं और अन्य सामान की अवैध तस्करी पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *